महाराजा अग्रसेेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के 50वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी ने किया प्रतिभाग

संवाद सहयोगी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उनकी सरकार हरिद्वार के विकास के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है और हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर के लिए संवाद के आधार पर विकास को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 50-60 वर्षों की आवश्यकताओं का आकलन कर एक मास्टर प्लान के तहत समग्र विकास सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री यहां महाराजा अग्रसेेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के 50वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आए थे। उन्होंने दीप जलाकर शुभारम्भ किया तथा नव निर्मित भवन का फीता काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने अग्रकुल प्रवर्तक, परम प्रतापी, सेवा एवं समर्पण के प्रतीक महाराजा अग्रसेन को नमन करते हुए सभी को महाराजा अग्रसेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के अपनी 50 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट द्वारा पिछले 50 वर्षों से समाज सेवा, धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण, मानव कल्याण से जुड़े हुए सभी कार्यों को समर्पित भाव से निरंतर अनवरत रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस भवन का आज लोकार्पण एवं शुभारंभ हुआ, जिसके भव्य सत्संग भवन और घाट न केवल आध्यात्मिक साधना का एक प्रमुख केंद्र बनेगा बल्कि सामाजिक एकता को भी पुष्ट करेगा। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ये ट्रस्ट केवल हरिद्वार में ही नहीं बल्कि वृंदावन में भी एक अत्याधुनिक भवन और सत्संग हॉल का सफल संचालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक लोग ट्रस्ट के संचालन में अपना योगदान दे रहे हैं, साथ ही अयोध्या में भी ट्रस्ट द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आश्रम का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े सभी पदाधिकारियों, सहयोगियों तथा दानदाताओं को साधुवाद देते हुए आभार प्रकट किया। उन्होने कहा कि महाराजा अग्रसेन भारतीय समाज के ऐसे आदर्श नायक थे, जिनका संपूर्ण जीवन- जन सेवा, सत्कर्म और समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा है, उन्होंने सदैव समाज के हित को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण के लिए कार्य किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक ऐसा राज्य है जहाँ पर राज्य की कुल जनसंख्या से लगभग 10 गुना लोग राज्य में घूमने के लिए आते हैं, इसलिए आने वाले व्यक्तियों की संख्या के आधार पर ही विभिन्न अवस्थापना एवं विकास सुविधाओं हेतु नीति आयोग में प्रमुखता से बात रखी गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार हरिद्वार के विकास के प्रति भी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर के लिए संवाद के आधार पर विकास को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 50-60 वर्षों की आवश्यकताओं का आकलन कर एक मास्टर प्लान के तहत समग्र विकास सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ विघटनकारी तत्व अपने राजनैतिक स्वार्थो के चलते समाज को क्षेत्रवाद और जातिवाद के नाम पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने ऐंसे लोगों को मंच से स्पष्ट सन्देश देते हुए कहा कि मेरे ‘जीते-जी” उत्तराखंड की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता पर किसी भी प्रकार की कोई आँच नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश का ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” को साकार करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विधायक मदन कौशिक द्वारा भी सभी को बैशाखी पर्व की बधाई देते हुए अपने–अपने विचार रखे।

इस दौरान पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी, सासंद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत, सासंद सोनीपत सतपाल ब्रह्मचारी , महापौर किरण जैसल, महाराजा अग्रसेन आश्रम ट्रस्ट के प्रधान गणपत लाल गोयल, महामंत्री दिवान चंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता, कुलपति महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी डॉ नन्द किशोर गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी कर्मेंन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल, मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, उपाध्यक्ष उत्तराखंड पारिस्थितिकीय पर्यटन सलाहकार परिषद ओम प्रकाश जमदग्नि, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ आरके सिंह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गंभीर तालियान, एसपी जितेंद्र मेहरा, पंकज गैरोला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।