
हरिद्वार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 70 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों से कुल 17,500 रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूल किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 अक्टूबर 2026 को थाना सिडकुल पुलिस ने थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर खुले में शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय शराब के नशे में कुछ लोगों द्वारा राह से गुजरने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों पर अंकुश लगाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पकड़े गए सभी 70 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालान किया गया। पुलिस ने सभी को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब नहीं पीने और न ही दूसरों को शराब पिलाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि खुले में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

