कलियर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए लड़ रही चुनाव

नागरिक संवाददाता

पीरान कलियर। इस नगर पंचायत में कांग्रेस के टिकट पर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही हाजरा बानो के पति पूर्व प्रधान मोहम्मद अकरम ने आज बेडपुर में जन-संपर्क किया और अपनी पत्नी के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास के मुद्दे पर हाजरा बानो को चुनने की अपील की। बाद में इस संवाददाता के साथ बातचीत करते हुए मोहम्मद अकरम ने कहा कि क्षेत्र का सभी वर्गों का मतदाता उनके साथ है और उनका जितना निश्चित है।

गौरतलब है कि हाजरा बानो उस समय मुकर्रबपुर की दो बार प्रधान रह चुकी हैं जब अभी इस नगर पंचायत का गठन नहीं हुआ था। उनके पति मोहम्मद अकरम भी यहां प्रधान रहे हैं। हाजरा बानो एक शिक्षित और समझदार महिला हैं जो जन-प्रतिनिधि के कार्यों और दायित्वों को बेहतर तरीके से जानती-समझती हैं। नगर पंचायत पद महिला के लिए आरक्षित हो जाने के कारण यहां कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। स्थानीय विधायक हाजी फुरकान अहमद की पहल पर पार्टी ने यह काम किया है इसलिए स्वाभाविक रूप से विधायक का भी उन्हें भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है। वे खुद भी महिलाओं के बीच जाकर अपना चुनाव प्रचार कर रही हैं। लेकिन मुख्य रूप से प्रचार की कमान उनके पति मोहम्मद अकरम के हाथ में है। उन्होंने आज बेडपुर में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि वे लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की सेवा करते आ रहे हैं और लोगों का भी उन्हें भरपूर प्यार मिलता आया है। उन्होंने भरोसा जताया कि लोगों के साथ उनके प्यार का यह अटूट रिश्ता आगे भी कायम रहेगा। वे एक बार फिर नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में लोगों की सेवा करते रहेंगे।