झबरेड़ा नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष व भाजपा प्रत्याशी ने कहा : नगर पंचायत चुनाव जीत रहे हैं हम

एम हसीन

झबरेड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा है कि वे इस बार भी नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीतकर वापिस आ रहे हैं। उन्होंने इस सवाल को गलत बताया कि पिछली बार की उनकी टीम बिखरी है। उन्होंने कहा कि टीम एकजुट है और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। सब लोग उन्हें सहयोग कर रहे हैं और कस्बे का मतदाता उनके साथ है।

मानवेंद्र सिंह ने अपने चुनाव अभियान को लेकर “परम नागरिक” के साथ विस्तार से वार्ता की और बिंदुवार अपने मजबूत पक्ष को उजागर किया। उन्होंने कहा कि कोविड के बेहद डरवाने दौर ने उनके कार्यकाल को पांच साल से घटाकर तीन साल कर दिया था और तीन साल में भी उन्होंने कस्बे के विकास को नए आयाम दिए हैं। उन्होंने इस बात को जोर देकर कहा कि उन्होंने यहां विकास की परंपरा स्थापित की है और कस्बे का चेहरा बदला है। अपने कतिपय बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का मसला किसी एक वर्ग या समुदाय के लिए अहम नहीं बल्कि सुरक्षा का वातावरण पूरे समाज के लिए महत्वपूर्ण है और यह मसला राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और न ही किसी को इसे लेकर वोट बैंक की गठरी तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके बयान को लेकर सवाल उठाने वाले सोचें कि वे किस प्रकार की राजनीति कर रहे हैं!

मानवेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव हर पांच साल बाद आते हैं लेकिन समाज स्थाई चीज है। स्थाई चीजों को हर दृष्टिकोण से परखकर ही अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने अपने द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर बहुत विस्तार से प्रकाश नहीं डाला लेकिन इतना जरूर कहा कि जो परिपाटी उन्होंने पिछले कार्यकाल में स्थापित की है उसे अपने अगले कार्यकाल में वे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि क्षेत्र की जनता उनके साथ है और उनका चुनाव जीत जाना निश्चित है।