लक्सर विधायक हाजी मुहम्मद शहजाद की बहन हैं प्रत्याशी
एम हसीन
रुड़की। कलियर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के बाद बसपा ने भी अपना प्रत्याशी सलीम प्रधान की पत्नी शमीम को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वे लक्सर के बसपा विधायक हाजी मुहम्मद शहजाद की बहन हैं। पार्टी ने आज उन्हें अपना सिंबल सौंप दिया।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने इस सीट पर हाजरा बानो को अपना प्रत्याशी घोषित किया है जो कि मुकर्रबपुर के पूर्व प्रधान मुहम्मद अकरम की पत्नी हैं। 2018 के नगर पंचायत चुनाव में, जब यह सीट महिला के लिए आरक्षित नहीं थी तब खुद प्रधान सलीम अहमद और प्रधान मुहम्मद अकरम यहां चुनाव लड़े थे। कमाल की बात यह है कि पिछली बार कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया था जबकि बसपा ने सलीम अहमद को टिकट नहीं दिया था। इसलिए तब दोनों ही निर्दलीय लड़े थे। निर्दलीय के रूप में लड़कर ही यहां शफ़क़्क़त अली चुनाव जीते थे। उन्होंने सलीम अहमद को 160 वोटों से हराया था। शफ़क़्क़त इस बार भी चुनाव में बतौर निर्दलीय ताल ठोक चुके हैं। बहरहाल, चूंकि इस बार मुहम्मद अकरम की पत्नी हाजरा बानो भी टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं और बसपा ने भी सलीम अहमद की पत्नी शमीम को अपना प्रत्याशी बना दिया है, इसलिए चुनाव खासा दिलचस्प हो गया है और कांग्रेस के स्थानीय विधायक हाजी फुरकान अहमद और बसपा के लक्सर विधायक हाजी मुहम्मद शहजाद की शख्सियतें चुनाव के केंद्र में आ गई हैं। यहां भाजपा ने अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। माना जा रहा है कि पार्टी यहां अपना प्रत्याशी टिकट पर लड़ाने की बजाय किसी समान विचारधारा के निर्दलीय प्रत्याशी के साथ गठबंधन करने का मन बनाए बैठी है। देखना होगा कि यहां की चुनावी राजनीति का ऊंट किस करवट बैठता है।