अब डॉक्टर मधु सिंह को मिली पार्टी से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

एम हसीन

रुड़की। भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर डॉ मधु सिंह की नियुक्ति का श्रेय पूर्व सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के खाते में जा रहा है। अहम यह है कि पिछले तीन महीनों में भाजपा महिला सशक्तिकरण के बड़े पैरोकार के रूप में उभरी है। इससे पहले रुड़की और हरिद्वार, दोनों ही निगमों में पार्टी ने महिला के मेयर बनने के हालात बनाए थे। और अब संगठन में जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर, डॉ मधु सिंह के रूप में, महिला को जिम्मेदारी मिली है। इसे लेकर भाजपा या डॉ निशंक की भविष्य की क्या राजनीति है, यह भविष्य की बात है। फिलहाल भाजपा महिला सशक्तिकरण को समर्पित दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि भाजपा ने जिलाध्यक्ष पद के लिए पिछले पखवाड़े राय शुमारी कराई थी। करीब दो दर्जन लोगों ने पद पर दावा किया था और उन सभी के नाम कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत कर उनकी राय ली गई थी। तभी से जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति का इंतेज़ार किया जा रहा था। आज नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा करने के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम रुड़की पहुंचे और कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे पार्टी के जिला कार्यालय में उन्होंने डॉ मधु सिंह के नाम की घोषणा की। इस मौके पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति के अलावा अध्यक्ष पद के तमाम दावेदार, उनके समर्थक, पार्टी जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि डॉ मधु सिंह का नाम उन दावेदारों में शामिल नहीं था जिनके नाम पर पार्टी ने राय शुमारी कराई थी। यह बिल्कुल ऐसा ही रहा, जैसे पार्टी ने मेयर टिकट के सभी दावेदारों का दावा नकारकर अनीता ललित अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया था। जाहिर है कि फिर पार्टी उन्हें विजयी बनाकर भी लाई। महत्वपूर्ण पद के लिए किसी भी गुट के दावेदार को नकारकर यूं बिल्कुल अलग चेहरा तय करने का पार्टी का फैसला चूंकि मेयर चुनाव में लाभदाई साबित हुआ था इसलिए यह उम्मीद की जा सकती है कि डॉ मधु सिंह की अगुवाई में संगठन पार्टी की रीति और नीति के अनुरूप चल सकेगा।

जहां तक डॉ मधु सिंह के व्यक्तित्व का सवाल है, उनका संबंध मंगलौर से है। वे बिरादरी से जाट हैं और दो बार मंगलौर में पार्टी की मंडल अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा वे मंगलौर मंडी समिति की नामित अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और इस पद पर उन्हें पार्टी द्वारा दोहराया भी गया था। वे पिछले चुनाव में मंगलौर विधानसभा सीट पर पार्टी टिकट की दावेदार भी रह चुकी हैं।