कहा : कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाकर करें तरक्की की राह आसान

संवाद सहयोगी

ढंढेरा। झबरेड़ा के कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा है कि इस नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी उदय सिंह पुंडीर नितांत योग्य और कर्मठ राजनीतिक कार्यकर्ता हैं और विकासवादी सोच के व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा है कि वे छुआ-छूत, ऊंच-नीच, भेद-भाव से दूर रहकर सबको साथ लेकर चलने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने मतदाताओं का आह्वान किया कि क्षेत्र की तरक्की के लिए वे उदय पुंडीर को अपना नगर पंचायत अध्यक्ष चुनें।

वीरेंद्र जाती आज स्थानीय कांग्रेस प्रत्याशी उदय पुंडीर के लिए चुनाव प्रचार करने ढंढेरा पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों का आह्वान किया कि केवल कांग्रेस ही सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि उदय सिंह पुंडीर भी स्वस्थ सोच के प्रगतिशील व्यक्ति हैं। इस दौरान उन्होंने उदय पुंडीर के साथ डोर टु डोर चुनाव प्रचार किया और लोगों से उन्हें वोट देने की अपील की। उदय पुंडीर ने भी इस अवसर कर लोगों को उनपर भरोसा करने और उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनने का आह्वान किया। लोगों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें पूरे समर्थन का भरोसा दिलाया।