पार्टी ने देर रात जारी की दूसरी सूची के मुताबिक मंगलौर में चौधरी इस्लाम पार्टी प्रत्याशी

एम हसीन

रुड़की। कांग्रेस द्वारा निकाय चुनाव प्रत्याशियों की जारी दूसरी व तीसरी सूची में तीनों नगर पालिकाओं के साथ-साथ कई नगर पंचायतों के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। इसके मुताबिक ढंडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद हेतु पार्टी ने मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर को अपना प्रत्याशी बनाया है। पार्टी का यह फैसला प्रत्याशित रहा है। यहां उदय सिंह पुंडीर के ही प्रत्याशी बनाए जाने की उम्मीद की जा रही थी। इसके साथ ही पार्टी ने मंगलौर में चौधरी इस्लाम को और लक्सर में जगदेव सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है।शिवालिकनगर नगर पालिका में महेश प्रताप राणा को टिकट दिया गया है। जारी की गई सूची के अनुसार ढंडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद हेतु उदय सिंह पुंडीर, भगवानपुर में राव फरमूद अली को, सुल्तानपुर कुम्हारी में ताहिर हसन को और झबरेडा में किरण चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया है। लंढौरा में अनीस को कांग्रेस टिकट मिला है।

सबसे अहम उम्मीदवारी उदय सिंह पुंडीर की रही। गौरतलब है कि ढंडेरा सामान्य निर्वाचन क्षेत्र है जहां मुख्य रूप से राजपूतों के बीच ही राजनीति होती दिखाई दे रही है। यहां भाजपा ने अपने मंडल अध्यक्ष रवि राणा को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि बसपा ने यहां राव फुरकान को टिकट दिया है। राव फुरकान मुस्लिम राजपूत हैं। इस क्रम में आज कांग्रेस ने भी एक राजपूत उदय सिंह पुंडीर को अपना प्रत्याशी बनाया। रामपुर, पाडली और इमली खेड़ा के अलावा कलियर में स्थानीय विधायक हाजी फुरकान अहमद अपने स्तर पर प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं; हालांकि इन चारों ही नगर पंचायत में आधिकारिक रूप से अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है।