डी ए वी कॉलेज लक्सर में होगा आयोजन
एम हसीन
लक्सर। स्थानीय विधायक उमेश कुमार एक बार फिर फॉर्म में आए हैं। आयोजन वही है 101 निर्धन कन्याओं के विवाह का। आयोजन 18 दिसंबर को लक्सर में होगा। इससे पूर्व वे रुड़की व हरिद्वार आदि में ऐसे एकाधिक कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं और सैकड़ों कन्याओं का विवाह करा चुके हैं। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद उनका ऐसा यह पहला आयोजन है।
पिछले जून में लोकसभा चुनाव के बाद खानपुर विधायक उमेश कुमार की सामाजिक गतिविधियां शिथिल पड़ी हुई थी। हालांकि अपने क्षेत्र के मतदाताओं के वे निरंतर संपर्क में थे और अपने क्षेत्र में विकास गतिविधियों से उनका ध्यान नहीं हटा था। लेकिन यह भी सच है कि लोकसभा चुनाव में जब वे बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थे तब उन्हें एक झटका लगा था। क्षेत्र का जो समर्थन उन्हें 40 हजार से अधिक मिला था वह लोकसभा चुनाव में घटकर महज 16 हजार रह गया था। इसके चलते उनके विरोधियों, यथा स्थानीय विरोधी पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन और बड़े विरोधियों सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को उनपर नए संबंध विकसित करने और उन के खिलाफ हमलावर होने का मौका मिल गया था।
इस बीच यह चर्चा भी अस्तित्व में आई थी कि उमेश कुमार अपनी पत्नी सोनिया शर्मा को रुड़की में मेयर का चुनाव लड़ाने का इरादा रखते हैं। सोनिया शर्मा ने इस मामले में अपने विचार भी व्यक्त किए थे। उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में कहा था कि अगर जनता चाहेगी तो वे मेयर चुनाव लड़ेंगी। अब एक ओर तो चुनाव की तैयारियां चल रही हैं; दूसरी ओर उमेश कुमार 101 निर्धन कन्याओं के विवाह का कार्यक्रम लेकर आ गए हैं।