पार्टी का बूथ समितियां बनाने का अभियान जारी
संवाद सहयोगी
रुड़की। महानगर कांग्रेस के तत्वाधान में वार्ड कमेटियों के गठन हेतु चल रहे कार्यक्रम के सिलसिले में पार्टी पदाधिकारियों ने आज वार्ड नंबर 16, 22 एवं 23 में कमेटियों का गठन किया। वरिष्ठ नेताओं के साथ महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, सेक्टर प्रभारी विकास त्यागी एवं एडवोकेट मुबश्शिर के संचालन में राजकुमार चौधरी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुल्की राज सैनी के आवास पर आयोजित बैठकों में उपरोक्त कार्यवाही की गई।
पार्टी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार वार्ड संख्या 16 में कार्यकर्ताओं की एक बैठक चौधरी राजकुमार के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें वार्ड में कांग्रेस संगठन को खड़ा करने एवं कार्यकर्ताओं एवं आमजन को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने के संबंध में पदाधिकारियों द्वारा आह्वान किया गया। महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि इस क्षेत्र की समस्याओं के प्रति भाजपा के पार्षद गंभीर नहीं हैं और जल भराव एवं सीवेज की दुर्व्यवस्थाओं के कारण लोगों के घर तक टूट गए हैं। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस पार्टी के लिए वार्ड 16 के अलावा वार्ड 22 व 23 में हराना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर ओबीसी के पूर्व अध्यक्ष आशीष सैनी ने भी वार्ड स्तर तक कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा की नाकामियों को उजागर करने के लिए कहा। विकास त्यागी ने कहा कि अब समय आ गया है कि हमें वार्डों में कांग्रेस के पार्षद बनाने होंगे, तभी जनता को सहूलियत मिल सकेगी। वार्ड संख्या 22 एवं 23 की बैठक पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुल्की राज सैनी के कार्यालय पर आयोजित की गई। इसमें भी कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की बात सभी उपस्थित कांग्रेस जनों द्वारा की गई। कहा गया कि भाजपा के पार्षद जनता के प्रति उदासीन है और जनता की समस्याओं से उन्हें कोई मतलब नहीं है। एकजुट होकर कांग्रेस के पार्षद बनाने की बात कार्यकर्ताओं द्वारा कही गई। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुल्की राज सैनी, संदीप त्यागी, ओमवीर मलिक, श्रीमती उदय जैन, डॉक्टर हरविंदर सिंह, रामकुमार सैनी नितिन सैनी, निशु सैनी, यश, रणवीर नागर, नीरज अग्रवाल, एडवोकेट ममता, त्यागी नरेन्द्र त्यागी, प्रेम सिंह, अर्जुन कुमार आदि मौजूद रहे।