सरकारी राजस्व की हानि नहीं की जाएगी बर्दाश्त : कर्मेंद्र सिंह

संवाद प्रतिनिधि

हरिद्वार 15 अक्टूबर। बैनामों का भौतिक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने तमाम गड़बड़ियां पाईं। परिणामस्वरूप जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया और उन्होंने अधिनस्थों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि राजस्व की हानि किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रियों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जनपद की बड़ी रजिस्ट्रियों में से पांच रजिस्ट्रियों का स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील भगवनापुर के ग्राम सिकन्दरपुर भैंसवाल में स्थलीय निरीक्षण के दौरान कमियां पाई गई। रजिस्ट्री हेतु आवदेन में 30 पेड़ बताए गए थे, जबकि मौके पर पहुंचकर जिलाधिकारी द्वारा गिनती कराये जाने पर 62 पेड़ पाये गये। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने नलहेड़ा अनन्तपुर में दो, सिकन्दरपुर भैंसवाल में एक, शान्तरशाह में एक तथा छापुर शेर अफगान में एक बड़ी रजिस्ट्री का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सत्यापन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये उनके द्वारा किये गये स्थलीय निरीक्षण की आख्या के अनुसार दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती से कार्यवाही अमल में लाई जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार को किसी भी प्रकार से राजस्व का घाटा न हो, रजिस्ट्रियों में गड़बड़ी न हो। यह सब सुनिश्चित करने के लिए बड़ी रजिस्ट्री का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री में गड़बड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। निरीक्षण के दौरान वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।