अपने गांव जाकर सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निस्तारण के आदेश
संवाद सहयोगी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका व प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि के लिए कामना की।उन्होंने डेरा कार सेवा पहुँचकर दिवंगत बाबा तरसेम सिंह के चित्र पर श्रद्धा-सुमन भी अर्पित किये। इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने ग्रह ग्राम भी पहुंचे जहां उन्होंने सामान्यजन की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उनका निस्तारण करने का निर्देश दिया।
गुरुद्वारा पहुंचने के अवसर पर प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, निदेशक गुरवंत सिंह, प्रकाश सिंह, गुरदयाल सिंह, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सिंह उपस्थित थे।
दूसरी ओर अपने निजी आवास नगला तराई पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं को सुना व संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने मेलाघाट पहुंचकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृष्ण पाल ऊर्फ कन्हैया के निधन पर उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की व परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रमेश चंद जोशी, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी पंकज उपध्याय मौजूद थे।