अज्ञात बदमाशों ने बालाजी ज्वेलर्स के शोरूम को बनाया निशाना, करोड़ों का सोना लेकर फरार, जिले भर में सर्च अभियान जारी, व्यापार मंडल ने घटना पर जताई नाराजगी

संवाद सहयोगी

हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार एक बार फिर दिन दहाड़े डकैती की शिकार बनी है। निशाना फिर एक ज्वेलर का शो रूम ही बना है। खबर है कि आधा दर्जन अज्ञात लुटेरे करोड़ों का सोना लेकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले भर में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक डकैतों का कोई सुराग नहीं मिला था।

इस बार घटना मध्य हरिद्वार क्षेत्र में घटी। बताया गया है कि अज्ञात लुटेरे स्थानीय बालाजी शोरूम में घुस गए और उन्होंने शो रूम में मौजूद स्टाफ के ऊपर मिर्च पाउडर डालकर उन्हें बेहाल कर दिया। यूं मची अफरा तफरी के बीच उन्होंने शो रूम में रखे करोड़ों रुपए के जेवर हथिया लिए और फरार हो गए। बदमाशों के फरार हो जाने के बाद शो रूम में चीख पुकार मची और पड़ोसियों को घटना की सूचना मिली। उसके बाद खबर पुलिस तक पहुंची। अमले के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी हासिल करने के अलावा बदमाशों के विषय में जानकारी जुटाने की कोशिश की। लेकिन समाचार लिखे जाने तक बदमाशों के विषय में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था। लेकिन बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस ने जिले भर में सर्च अभियान शुरू कर दिया था। वैसे इतना अनुमान पुलिस अधिकारी भी लगा रहे हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसी गैंग का इसमें हाथ हो सकता है। यही कारण है कि वहां के गैंग्स की कुंडली भी खंगाली जा रही है। इस बीच शोरूम पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। तमाम लोग हमदर्दी जताने के लिए भी शोरूम पर पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर स्थानीय व्यापार मंडल ने घटना पर नाराजगी जाहिर की है।