कांग्रेस का मोदी पर एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप
अपने मित्र के टैम्पो को बचाने की कोशिश कर रहे प्रधानमंत्री: राजपूत
संवाद सहयोगी
देहरादून। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की विभिन्न एजेंसियों का इस्तेमाल अपने उद्योगपति मित्रें को बचाने के लिए ईंधन के तौर पर कर रहे हैं। आरोप लगाया गया कि देश के संसाधनों को उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेंस को सम्बोधित करने आए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत के निशाने पर मुख्य रूप से देश के प्रमुख उद्योगपति व व्यवसायी गौतम अडानी रहे। उन्होंने हिंडनबर्ग रिपोर्ट का हवाला दिया और कहा कि कांग्रेस ने जो संयुक्त संसदीय समिति के गठन की मांग की है उसका दायरा हिंडनबर्ग से कहीं अधिक विस्तृत है। उन्होंने कहा कि अडानी समूह से संबंधित घपले और घोटाले देश की पूरी अर्थव्यवस्था के हर आयाम में फैले हुए हैं। सुरेन्द्र राजपूत ने इस मामले में प्रेस के लिए विस्तृत दस्तावेज जारी करते हुए बताया कि कब कब किस किस एजेंसी ने किस किस रूप में कार्यवाही की और किस किस रूप में उसका लाभ अडानी समूह को हुआ। प्रेस कान्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महारा, प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धमस्माना, महामंत्री नवीन जोशी, प्रवक्ता डॉ- प्रतिमा सिंह, शीषपाल सिंह बिष्ट व सोशल मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह उपस्थित थे।