शुक्र है कहीं नजर तो आए भाजपा नेता मयंक गुप्ता
एम हसीन
रुड़की। मैं तो नाउम्मीद हो चला था। मुझे लगा था कि उन्होंने सार्वजनिक जीवन से अघोषित सेवानिवृत्ति ले ली है। मुझे लगा था कि समय के थपेड़ों के सामने इस खांटी संघ कार्यकर्ता ने हथियार डाल दिए हैं। इसीलिये आज जब भाजपा की नवनियुक्त कार्यकारिणी का स्वागत करने के बहाने वे मीडिया के बीच आए तो मुझे अच्छा लगा, बड़ी खुशी हुई। महसूस हुआ कि नहीं, नहीं, अभी इस दिए में रौशनी बरकरार है। अभी हौसला और हिम्मत दोनों बाकी है। जैसा कि ऊपर बताया गया है कि भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का स्वागत आज भाजपा नेता मयंक गुप्ता के निवास पर बड़े ही हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न मंडलों से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया तथा संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
भाजपा नेता मयंक गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह और पूरी जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह नई टीम संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की कार्यकारिणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही राष्ट्रहितैषी योजनाओं और अभियानों को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा और समर्पण की राजनीति में विश्वास करती है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर ही पार्टी जनता के दिलों में विशेष स्थान बनाती है। उन्होंने जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे पूरी निष्ठा से समाज और संगठन की सेवा करें।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि संगठन का यह सामूहिक उत्साह ही भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाता है।
वहीं जिला उपाध्यक्ष सौरभ गुप्ता, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, मीडिया प्रभारी पंकज नंदा ने भी प्रदेश नेतृत्व एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण और एकजुटता ही भाजपा की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग पार्टी की उपलब्धियों और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने में सेतु का कार्य करता है और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ यह जिम्मेदारी निभाई जाएगी।
इस अवसर पर अनुज त्यागी, सुशील रावत, मुदप त्यागी सभी ने प्रदेश नेतृत्व एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह का आभार प्रकट करते हुए अपने विचार रखे और संकल्प लिया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा नेता संजयपाल, रमा सैनी, रश्मि चौधरी, संजय प्रजापति, योगी रोड, अक्षय प्रतापसिंह आदि उपस्थित रहे।