Oplus_131072

नालों-नालियों की सफाई और मरम्मत का काम निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता : नगर आयुक्त

नागरिक ब्यूरो

रुड़की। नगर निगम क्षेत्र की जल भराव समस्या को लेकर बेहद गंभीर है और उसका प्रयास रहेगा कि आने वाले वर्षा के मौसम में जल भराव से जनता को परेशानी का सामना करना न पड़े। यही कारण है कि जल निकासी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम नालों की सफाई कर रहा है। स्पष्ट शब्दों में कहें तो फिलहाल जल निकासी का यह मामला ही नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपरोक्त विचार नगर निगम के मुख्य नगर आयुक्त राकेश कुमार तिवारी ने इस संवाददाता के साथ विशेष वार्ता के द्वारा व्यक्त किए।

मुख्य नगर आयुक्त ने “परम नागरिक” संवाददाता के साथ वार्तालाप करते हुए कहा कि नगर निगम खुशगवार माहौल में काम कर रहा है, लेकिन उसके सामने समस्याओं का निवारण करने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि जल भराव पिछले वर्षों में नगर की बड़ी समस्या के रूप में सामने आया है। यही कारण है कि फिलहाल बरसात के मौसम से पूर्व थी निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वैसे नगर की विभिन्न समस्याओं के निवारण की विभिन्न योजनाओं पर फिलहाल काम चल रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया की टूटी हुई नालियों की मरम्मत के अलावा शौचालयों की मरम्मत और साफ-सफाई नगर निगम की प्राथमिकता पर है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 40 शौचालय हैं, जिनमें से करीब 10 की साफ-सफाई और मरम्मत की जा चुकी है, जबकि 20 की मरम्मत और साफ सफाई फिलहाल जारी है। इसके अलावा सौंदर्यकरण की विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है और सड़कों के निर्माण कार्यों के टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं, जिन पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।