सऊदी अरब में नजर आया चांद, भारत में 31 को मनाई जाएगी ईद
एम हसीन
रुड़की। पिछले 29 दिन से चले आ रहे रमजान के समापन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 30 मार्च को अंतिम रोजा रखा जाएगा और 31 मार्च को ईद मनाई जाएगी। हालांकि इसकी अधिकृत घोषणा 30 मार्च की शाम को ही किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि रमजान का महीना पिछले 1 मार्च से चला आ रहा है। 1 मार्च की शाम को चांद नजर आने के बाद पहली तरावीह की नमाज अदा की गई थी और 2 मार्च को रोजा रखा गया था। इस क्रम में उस रमजान की आखिरी तरावीह की नमाज 29 मार्च की शाम को अदा की गई जबकि आखिरी रोजा 30 मार्च को रखा जाएगा। रमजान का यही क्रम होता है। चूंकि रमजान और ईद का सम्बन्ध चांद नजर आने से होता है इसलिए सामान्यत: इसकी अधिकांश घोषणा चांद नजर आने के बाद ही की जाती है लेकिन सऊदी अरब की परंपरा यहां अपनी भूमिका अदा करती है। जिस दिन सऊदी अरब में पहला रोजा रखा जाता है केरल को छोड़कर शेष हिंदुस्तान में उससे अगले दिन रोजा रखा जाता है। इसी प्रकार जिस दिन सऊदी अरब में ईद मनाई जाती है, उससे अगले दिन भारत में ईद मनाई जाती है।
इसी परंपरा के तहत यह तय हो गया है कि भारत में ईद का त्योहार 31 मार्च को मनाया जाएगा क्योंकि सऊदी अरब में चांद नजर आ गया है और वहां 30 मार्च को ईद मनाई जा रही है।