राज्यसभा सांसद डॉ० नरेश बंसल ने कहा : उनके सहयोग से होगा आयोजन, देश-प्रदेश के प्रमुख संस्थान लगाएंगे इसमें अपने स्टॉल

संवाद सहयोगी

रुड़की। “आत्मनिर्भर भारत” की थीम पर आधारित “विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड” प्रदर्शनी का आयोजन तरमेह इवेंट्स आगामी 4-6 मार्च के बीच नगर के नेहरू स्टेडियम में करेगा। उपरोक्त जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने यहां आयोजित एक प्रेस-कॉन्फ्रेंस में दी।

डॉ बंसल ने कहा कि देश की शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार है, आर्थिक नीतियों का सुदृढीकरण सामाजिक समानता, नवाचार को बढ़ावा, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी उत्थान के लिए प्रमुख रूप से जोर शोर से कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में “विकसित भारत-विकसित उत्तराखण्ड” प्रदर्शनी का आयोजन 4, 5 एवं 6 मार्च को नेहरू स्टेडियम रुड़की में आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत व विभिन्न विधायकगण तथा मेयर आदि करेंगे। उन्होंने बताया कि 4, 5 एवं 6 मार्च तीनों दिन विभिन्न केन्द्रीयमंत्री, उत्तराखण्ड सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, मेयर एवं अन्य जनप्रतिनिधि अवलोकन करेंगे।

डॉ. नरेश बंसल ने प्रदर्शनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, विकसित भारत विकसित उत्तराखण्ड एक मेगा इवेंट है जो “अमृतकाल” की थीम पर आधारित है व प्रधानसेवक नरेंद्र भाई मोदी के विकसित भारत संकल्प व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प को प्रदर्शित करेगा। जिसे भारत की स्वतंत्रता की शताब्दी तक की 25 साल की अवधि के रूप में वर्णित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा भारत बनाने का समय है जो आत्मनिर्भर है और अपने मानवीय दायित्वों को भी पूरा करता है।

डॉ. नरेश बंसल ने बताया कि इस प्रदर्शनी में देश एवं राज्य के विभिन्न प्रमुख संस्थान-जैसे डी.आर.डी.ओ., इसरो, टीएचडीसी, भारतीय मानक ब्यूरो, समेत कई केन्द्रीय एजेंसियों, राज्य के विभागों के साथ तमाम स्वयं सहायता समूह अपने स्टॉल लगाएंगे, जिसमें सरकार की ओर से चलायी जा रही विभिन्न विभागों की जन-कल्याणकारी योजनाओं व कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया जाएगा व विशेषकर हरिद्वार एवं देहरादून में पढ़ने वाले विद्यार्थी वर्ग को इससे परिचित कराया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे नवाचार भी शामिल हैं। डॉ. नरेश बंसल ने सभी से इस प्रदर्शनी हेतु पूर्ण सहयोग का आह्वान किया एवं देहरादून तथा हरिद्वार जिले के विद्यार्थीगण, युवाओं, महिलाओं, किसानों से आह्वान किया है कि अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंच प्रदर्शनी देखें व लाभ उठायें।