सीएम धामी व जयंत चौधरी की चुनावी सभा आज

एम हसीन

मंगलौर। इस विधान सभा सीट पर 10 जुलाई को होने वाले मतदान के मद्दे नजर भाजपाई चुनाव अभियान को निर्णायक रूप देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सभा करने आ रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी भी संबोधित करने आ रहे हैं। भाजपा ने रैली की तैयारियां पूरी कर ली हैं और पार्टी प्रवक्ता पंकज नंदा ने रैली स्थल से तैय्यारों को वीडियो जारी किया है।

बताया गया है कि मंगलौर उप चुनाव में करतार सिंह भड़ाना की उम्मीदवारी तय कराने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की व्यक्तिगत शिरकत रही थी। यही कारण है कि वे राजनीतिक कारणों से ही नहीं बल्कि व्यतिगत कारणों से भी भड़ाना की जीत के लिए प्रयासरत हैं। हरिद्वार जिले में उनके सभी खास लोग, जिनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद प्रमुख हैं, भड़ाना के प्रत्याशी बनने के बाद से ही मंगलौर के राजनीतिक वातावरण को भाजपा के अनुकूल बनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। स्वामी यतीश्वरानंद ने व्यक्तिगत रूप से प्रयास करते हुए मंगलौर के राजनीतिक वातावरण को वहां पहुंचा दिया है जहां कोई भाजपा को हल्के में लेकर नहीं चल रहा है। और इसे ही आखरी टच देने के लिए मुख्यमंत्री आज खुद मैदान में आ रहे हैं। रैली को “मजदूर किसान विजय संकल्प रैली” नाम दिया गया है। जाट या किसान समुदाय भाजपा का वरण करने से न हिचके, इसके लिए जयंत चौधरी को भी जन सभा के लिए आमंत्रित किया गया है। रैली स्थल ग्राम मंडावली के निकट तय किया गया है जो कि चुनाव क्षेत्र का मध्य है। यह एक रणनीतिक फैसला है। चुनाव की बाबत पूछे जाने पर मंगलौर मंडी समिति अध्यक्ष सुशील राठी ने कहा कि “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्णयों और योजनाओं से स्थानीय लोग प्रभावित हैं और इस बार यहां कमल का खिलना तय है।