टिकट के दावेदार जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति को सौंपा आवेदन

एम हसीन

रुड़की। जैसे-जैसे सरकारी तौर पर निकाय चुनाव की तैयारी रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है वैसे-वैसे भाजपा के भीतर टिकट के दावेदारों की स्थिति भी स्पष्ट होने लगी है। मसलन, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने पार्टी के मेयर टिकट पर औपचारिक रूप से दावा ठोक दिया है। उन्होंने पार्टी के जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति को लिखित आवेदन सौंप कर टिकट की मांग की। दिलचस्प बात यह है कि खुद शोभाराम प्रजापति भी मेयर टिकट के दावेदार हैं। ऐसा ही आवेदक उन्होंने पार्टी प्रदेश नेतृत्व के समक्ष पहले ही प्रस्तुत किया हुआ है। यह स्थिति इस बात को भी साबित करती है कि भाजपा के भीतर गुटों की स्थिति परवान चढ़ने लगी है।

जैसा कि सर्व ज्ञात है कि अरविंद कश्यप लगभग तीन दशकों से भाजपा की राजनीति करते आ रहे हैं और जब अभी रुड़की के निकाय को निगम का दर्जा नहीं मिला था और वह नगर पालिका परिषद हुआ करती थी, तब अरविंद कश्यप एक बार पार्टी के सभासद भी रह चुके हैं। लेकिन उन्होंने दूसरी बार सभासद का चुनाव नहीं लड़ा था क्योंकि तभी उन्होंने यह तय कर लिया था कि अब वह पार्टी टिकट पर निकाय प्रमुख का चुनाव लड़ेंगे। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है कि अरविंद कश्यप पिछड़ा वर्ग से आते हैं और उन्होंने निकाय प्रमुख पद के अनारक्षित रहते हुए कभी उस पर अपना गंभीर दवा नहीं ठोका था। लेकिन अब जबकि माना जा रहा है कि रुड़की मेयर पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने जा रहा है तो अरविंद कश्यप ने भी औपचारिक रूप से टिकट पर अपनी दावेदारी ठोक दी है। उनकी दावेदारी को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे निकाय चुनाव की राजनीति के संभावित परिदृश्य का इशारा मिलता है।