कर्मचारियों की एकजुटता से मिलेगी संघ को मजबूती: शर्मा

नागरिक ब्यूरो

रुड़की। उत्तराखण्ड कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ जिला शाखा हरिद्वार के नव निर्वाचित अध्यक्ष नवीन मोहन शर्मा ने कर्मचारियों से आपसी एकजुटता का आहवान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी एकजुटता ही उनकी शक्ति है। उन्होने आश्वासन दिया कि यह संगठन कर्मचारियों की समस्याओं के लिए सदैव संघर्षशील रहेगा।

इससे पूर्व संगठन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आशीष कुमार वर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी नई ऊर्जा के साथ काम करेगी और कर्मचारियों की समस्याओं का हल निकालने के साथ अधिक उत्तरदायी बनायेगी। जिला महामंत्री शशांक कश्यप ने कहा कि संगठन समस्याओं को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी से मिलेगा और उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर त्वरित निस्तारण का आग्रह करेगा।

संगठन के प्रांतीय महामंत्री नवल किशोर शर्मा ने कहा कि इस संगठन ने कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। संगठन आगे भी अपनी अग्रणी भूमिका को कायम रखेगा। समारोह में प्रमोद पंत, गौतम शर्मा, चंद्रमोहन आर्य, विजयपाल सिंह, रमेश जोशी, पंकज राजपूत, संजय नारायण, नारायण शरण तिवारी, संदीप शर्मा, विशाल, सुश्री रूचि शर्मा, श्रीमती किरण चौहान, श्रीमती रेखा सैनी, श्रीमती आरती यादव, जय कुमार त्यागी, राकेश जोशी व मुकुल पंवार आदि लोग उपस्थित रहे।