एक दूसरे का मुंह मीठा करा कर दी बधाई, जीत का दावा
नागरिक ब्यूरो, रुड़की। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को कोर्ट से जमानत मिलने का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है। उन्होंने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर और ढोल बजाकर अपने उत्साह को प्रकट किया और दावा किया कि अब अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए प्रचार के बाद बीजेपी का सूपड़ा साफ होना निश्चित होगा।
कार्यकर्ताओं ने “जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल जी छूट गए” जैसे नारे लगाए। पार्टी आप प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह के नेतृत्व में रुड़की के चंद्रशेखर चौक पर आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर और ढोल बजाकर डांस करते हुए अपनी खुशी को प्रकट किया। उनका कहना रहा कि अब अरविंद केजरीवाल जहां-जहां भी प्रचार करने पहुंचेंगे, वहां से भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। ध्यान रहे कि सर्वोच्च अदालत ने शुक्रवार को केजरीवाल को बड़ी राहत देते हुए लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए अंतरिम जमानत दे दी थी। इसे आम आदमी पार्टी और इंडिया एलाइंस एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रेम सिंह ने कहा कि अब दिल्ली में खुद अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सड़कों पर इंडिया एयरलाइंस यानी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इसका असर आने वाले लोकसभा चुनाव के नतीजे पर जरूर पड़ेगा। इस अवसर पर सुरेंद्र शर्मा, अनिल गोस्वामी, सोमपाल सिंह, सुनील कुमार, गुलफाम, राव तनवीर, अनिल कश्यप, ओमवीर यादव, नरेंद्र चौधरी, कुलदीप सैनी, रईस अहमद, नरेश प्रिंस, वीरेंद्र तोमर, प्रमोद चाचरा, गोपाल अग्रवाल, राव इमरान, दानिश, नदीम आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।