शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाया, दिवंगत जन प्रतिनिधि के साथ बिताए क्षणों को किया याद
संवाद सहयोगी
रुड़की। उत्तराखंड में भाजपा की बुनियाद के पत्थरों में एक रहे पूर्व विधायक स्वर्गीय चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हाल ही में दिवंगत हुए चंद्रशेखर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि चंद्रशेखर 2002 में भाजपा के टिकट पर भगवानपुर में चुनाव जीते थे। दूसरी बार वे 2012 में ज्वालापुर सीट पर विजयी हुए थे। उसके बाद उन्होंने स्वेच्छा से राजनीति की त्याग दिया था। लेकिन सामाजिक क्षेत्रों में उनकी सक्रियता बाद तक भी जारी रही थी। पिछले दिनों उनका देहांत हो गया था। उनके सैनिक कालोनी स्थित आवास पर आज पहुंचे मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा के शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय चंद्रशेखर के साथ पूर्व में बिताए गए समय एवं अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्वर्गीय चंद्रशेखर का जाना समाज के अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवनकल में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चंद्रशेखर द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों एवं सिद्धांतों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, बीजेपी जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल सहित शोकाकुल परिजन आदि उपस्थित थे।