देश-प्रदेश में सुख-शांति व समृद्धि की कामना

देहरादून 11। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को राजभवन में सपरिवार शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर पूरे विधि-विधान से देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर ने भी मुख्यमंत्री आवास में कन्या व गौ पूजन किया।

महानवमी के अवसर पर राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस पर्व के माध्यम से समाज में नारी शक्ति के सम्मान को और मजबूत करने का आह्वान किया।राज्यपाल ने कहा, “नवरात्रि का यह पर्व हमारे समाज की परंपराओं और मूल्यों का प्रतीक है। देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन हमें याद दिलाता है कि नारी शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।”

दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर वैष्णवी शक्ति माँ महामाया जगत जननी आदिशक्ति भगवती की उपासना को समर्पित नवरात्रि के पावन पर्व का उद्यापन कर हवन किया।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से कन्या-पूजन और गौ पूजन किया। मुख्यमंत्री ने आद्याशक्ति, परब्रह्मस्वरूपा देवी माँ से राज्य की उन्नति एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि की कामना की है।