भारतीय जनता युवा मोर्चा की अगुवाई में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन

एम हसीन

रुड़की। भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित तिरंगा बाइक रैली की अगुवाई कर मुख्यमंत्री रुड़की और आसपास के खेतों में बसे सामान्य जन को राष्ट्रीयता की भावना से ओत प्रोत कर गए। स्वतंत्रता दिवस की ऐन पूर्व संध्या पर आयोजित की गई इस रैली में मुख्यमंत्री का संबोधन भी खासा सारगर्भित रहा। उन्होंने कहा कि तिरंगा हर भारतीय की अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान बेहद सफल हो रहा है और समाज को जोड़ रहा है। उन्होंने तिरंगा बाइक रैली के आयोजन पर युवा मोर्चा की प्रशंसा की और कहा कि इससे परस्पर सद्भावना का प्रसार होगा।

गौरतलब है कि आज़ादी के अमृत काल में हर घर तिरंगा प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। यह अभियान स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सप्ताह में पिछले कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है और लोग इसमें बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। इसी अभियान की एक कड़ी के रूप में आज भारतीय जनता युवा मोर्चा की रुड़की जिला इकाई द्वारा तिरंगा बाइक रैली के आयोजन की घोषणा पहले से ही की हुई थी। अचानक आज प्रात: सूचना आई कि मुख्यमंत्री इसकी अगुवाई करेंगे। ऐसा ही हुआ भी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम पौने पांच बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुड़की पहुंचे और उन्होंने नेहरू स्टेडियम से महाराणा प्रताप चौक तक रैली की अगुवाई की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान खुद भी मोटर साइकिल चलाई और वे स्कूटर के पीछे भी बैठे। इस आयोजन से निश्चित रूप से सामान्य जन में राष्ट्रीय भावना का संचार होता नजर आया। बाइक रैली के दौरान रूट के व्यापारियों से प्रतिष्ठानों से बाहर आकर रैली के ऊपर पुष्प वर्षा की और जय भारत, जय तिरंगा तथा वंदे मातरम के नारे लगाए।