कांवड़ियों की आक्रामकता से बढ़ी परेशानी, जाम से रुड़की वासी बुरी तरह त्रस्त

एम हसीन

रुड़की। कांवड़ को लेकर इस बार कुछ अलग है। कम से कम पिछले साल से तो अलग है ही। यह इसी से जाहिर है कि कांवड़ यात्रियों की आक्रामकता इस बार चरम पर है। इस बीच प्रशासनिक व्यवस्था भी कुछ अजीबो गरीब फैसले ले रही है। जैसे कांवड़ मार्गों पर पड़ने वाले मस्जिद मजारों को पर्दे में ढंक दिया गया है। इसके पीछे प्रशासन की क्या सोच काम कर रही है, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। इस बीच हालत पर नियंत्रण को लेकर जिला पुलिस प्रमुख प्रमेंद्र डोभाल आज दिन भर हाईवे पर रहे। कभी उन्होंने नारसन में व्यवस्था का निरीक्षण किया तो कभी लक्सर में। दूसरी ओर रुड़की में बनाई गई यातायात व्यवस्था को लेकर नागरिकों का आक्रोश सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने लगा है।

कांवड़ यात्रा में इस बार कुछ अलग है, यह तो साफ दिखाई दे रहा है। मसलन, दुकानों पर नेम प्लेट लगाने का मामला शुरू में ही इतना तूल पकड़ गया था कि आखिरकार सुप्रीम कोर्ट को मामले में दखल देना पड़ा था और राज्य सरकारों के तस्मबंधी फरमानों पर रोक लगाना पड़ा था। इन्हीं सभी चर्चाओं के बीच अब जिला पुलिस की नई कार्यवाही यह सामने आई है कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मस्जिदों और मजारों को पर्दे में ढंक दिया गया है। वैसे कांवड़ यात्रा के सामान्य हालात भी पुलिस प्रशासन के लिए नित नई समस्याएं पैदा कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण कांवड़ यात्रियों की आक्रामकता है जिसका शिकार सामान्य नागरिक ही नहीं बल्कि पुलिस कर्मी भी बन रहे हैं।

मसलन, दो दिन पूर्व मंगलौर में एक ई रिक्शा चालक को शिवभक्तों ने बुरी तरह धुन दिया था और उसकी रिक्शा भी तोड़ फोड़ दी थी। इसी प्रकार बीती रात बहादराबाद थानाक्षेत्र में एक दरोगा और एक कांस्टेबल को धुन दिया गया। साथ ही एस पी के गनर का मोबाइल भी छीन लिया गया। सब कुछ इसलिए हुआ कि पुलिस टोल बैरियर पर लगे जाम को खुलवाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि जाम इसलिए लग रहा था क्योंकि विशालकाय डी जे को देखने के लिए हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। इस मामले में दरोगा सुधांशु कौशिक द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। उपरोक्त घटना का संज्ञान लेते हुए आज दिन भर कप्तान फील्ड में रहे। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से व्यवस्था का जायजा लिया और अधिनस्थों को उचित निर्देश दिए।

दूसरी ओर रुड़की में गंगा पुल पर लगने वाले जाम के कारण लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बीती शाम तमाम लोग सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर करते रहे कि नीला पुल यातायात के लिए बंद कर दिया है जिस कारण चंद्रशेखर चौक से लेकर बी टी गंज और फिर दूर तक जाम लग रहा है।