बक्शा नहीं जायेगा कोई भी भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी, जारी रहेगा भ्रष्टाचार पर प्रहार : मुख्यमंत्री

संवाद सहयोगी।

मंगलौर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उनकी सरकार समग्र समाज के हित में काम रही है। इसी के तहत प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई और उत्तराखंड इस संहिता को लागू करने वाला प्रदेश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर प्रहार को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि करार दिया और कहा कि हरिद्वार जमीन घोटाले पर बड़ी करवाई करते हुए आईएएस एवं पीसीएस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कारवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने मंगलौर के विकास के लिए घोषणा करते हुए कहा कि लिब्बरहेड़ी में स्टेडियम की घोषणा की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले उप-चुनाव में यहां भाजपा प्रत्याशी रहे करतार सिंह भड़ाना के नेतृत्व में आज प्रदेश में समान नागरिकता सहिता कानून लागू करने पर धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। रैली का आयोजन चौधरी ओमपाल ढाबा लिब्बरहेडी से स्वीटी फार्म लिब्बरहेडी तक किया गया, जहां रैली जनसभा में परिवर्तित हो गई। इससे पूर्व मुख्यमंत्री खुद ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

कार्यकम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिकता संहिता कानून लागू करने पर संविधान निर्माता बाबा साहिब डॉ भीमराव अंबेडकर का सपना साकार किया गया है जिसमें सभी वर्गों एवं धर्मो के लिए एक समान कानूनी प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कानून लागू करने वाला देश में उत्तराखंड पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि मंगलौर विधानसभा में जो मेरे समान में धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया है, वह मेरा स्वागत एवं सम्मान नहीं है बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों का सम्मान है। उन्होंने रैली में भीषण गर्मी में शामिल हुए सभी महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों का शामिल होने पर सभी का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर हो रहा है तथा किसानों के हित के लिए कई महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लिए गए है, जिसमें किसान सम्मान निधि, किसानों को उचित मूल्य एवं किसानों की फसलों का बीमा, किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड की धनराशि 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की गई है। साथ ही किसानों के हित में 14 हजार करोड़ की 7 नई परियोजना पर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को बागवानी के क्षेत्र में 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है और गेहूं की खरीद में 20 रुपए प्रति कुंतल का बोनस दिया जा रहा है। साथ ही गन्ने के रेट में भी 20 रुपए प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि 1200 करोड़ की लागत से नई सेब नीति, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कर रहे है।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र मंगलौर ग्राम सभा लिब्बरहेडी में महाराजा सूरजमल के नाम से खेल स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा। साथ ही विधानसभा मंगलौर में सर्की रजवाहे की पटरी जो मंगलौर से गुरुकुल तक जाती है का निर्माण किया जाएगा और लंढौरा बाईपास (हरचंदपुर) के पुल तक सड़क पक्की की जाएगी। कार्यकम में मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर एवं गदा भेंटकर अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, जिला अध्यक्ष भाजपा डॉ मधु सिंह और कार्यक्रम के संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल साथ ही सभी ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख एवं सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी रुड़की प्रेमलाल, लक्ष्मी राज चौहान सहित जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।