मनोज कुमार त्यागी अध्यक्ष और सतीश कुमार गौड़ ने संभाला महामंत्री पद का कार्यभार
संवाद सहयोगी
हरिद्वार। ग्राम्य विकास लेखा संघ की बैठक विगत दिवस होटल विनायक में आयोजित की गई। बैठक में ग्राम्य विकास से जुड़े लेखाकारों की समस्याओं पर विचार किया गया और ग्रामीण विकास के मामले में उनके योगदान पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पिछली जिला कार्यकारिणी के क्रिया-कलापों पर भी प्रकाश डाला गया। इसी बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी भी गठित की गई।
संघ द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया कि नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध हुआ और बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मनोज कुमार त्यागी को जिलाध्यक्ष और सतीश कुमार गौड़ को महामंत्री चुना। उपरोक्त के अलावा मनीषा चौधरी को उपाध्यक्ष, जयकुमार को संयुक्त मंत्री, आशीष कुमार को कोषाध्यक्ष और अंकित मंद्रवाल को ऑडिटर चुना गया। नवगठित कार्यकारिणी ने तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने की घोषणा की। इस अवसर पर उपस्थित सहयोगियों को संबोधित करते हुए मनोज कुमार त्यागी ने कहा कि उनकी कार्यकारिणी संगठन के बायलॉज का पूर्ण रूप से पालन करते हुए संगठन मजबूत करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि संघ से जुड़े लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।