नक्शे के विपरीत कार्य करने को लेकर प्राधिकरण ने की कार्यवाही

संवाद सहयोगी

रुड़की। जादूगर मार्ग पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत बने भवन के सीज होने से सिविल लाइन क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। इस प्रकार निर्माण के समय नक्शे की आवश्यकताओं को नजर अंदाज करने वाले लोगों को आशंका सता रही है कि प्राधिकरण की गाज उनपर भी गिर सकती है।

गौरतलब है कि सिविल लाइन के जादूगर मार्ग पर निर्माण कार्य कराने के लिए सुशील चंद्र सिंघल की पत्नी रेणु सिंघल ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण से भवन का नक्शा स्वीकृत कराया था। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया था। इसी बीच प्राधिकरण में वाद योजित हुआ कि भवन का निर्माण नक्शे के अनुरूप नहीं हुआ है। इसका संज्ञान प्राधिकरण के संयुक्त सचिव द्वारा लिया गया। प्राधिकरण द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि आज संयुक्त सचिव के आदेश पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य करने के कारण रेणु सिघल पत्नी सुभाष चंद्र सिंघल के भवन को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई है कि आदेशों का पालन करना सुनिश्चित करें।

प्राधिकरण की इस कार्यवाही से सिविल क्षेत्र में निर्माण कार्य करा रहे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। ध्यान रहे कि रुड़की क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में निर्माण कार्य चल रहे हैं जिनमें कई सिविल लाइन क्षेत्र में ही चल रहे हैं। बताया जाता है कि इनमें कई का निर्माण निर्धारित मानकों या स्वीकृत नक्शे के अनुरूप नहीं है। यूं नक्शे की अनदेखी कर निर्माण करने वाले लोगों में हड़कंप का मचना स्वाभाविक है।