प्रदेश आप अध्यक्ष एस एस कलेर ने दी जानकारी

संवाद सहयोगी, हरिद्वार। दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया दो दिन के दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एस एस कलेर ने प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपरोक्त जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मनीष सिसोदिया आगामी 24 अक्टूबर की शाम दिल्ली पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद वह 25 अक्टूबर की सुबह हेलीकॉप्टर द्वारा केदारनाथ के दर्शन हेतु जायेंगे। 26 अक्टूबर को हरिद्वार के सैनी आश्रम में आयोजित गढ़वाल मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करेंगे।

एक प्रश्न के उत्तर में एस एस कलेर ने बताया कि पार्टी प्रदेश में सभी नगर निकायों, पंचायतों के अलावा आगामी 2027 के चुनाव भी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया का दौरा प्रदेश में पार्टी में जान फूंकने का काम करेगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विकास चौधरी, जिला अध्यक्ष हरिद्वार संजय सैनी, जिला अध्यक्ष रुड़की दुष्यंत महारथी, ममता सिंह सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।