G
जिलाधिकारी के आदेश पर अस्पतालों से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक पर की गई जांच, जहां कमी पाई गई वहां कड़ी कार्यवाही के निर्देश

संवाद सहयोगी

हरिद्वार। राज्य सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सीय सुविधाओं व लाभ की स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह के आदेश पर जिले के बड़े प्रशासनिक अधिकारियों ने बीती रात 10 और 11 बजे की बीच एक साथ औचक निरीक्षण किया। इस प्रशासनिक कार्यवाही से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हड़कंप मच गया। हालांकि अधिकांश स्थानों पर हालात संतोषजनक पाए गए लेकिन जहां खामियां मिली या स्वास्थ्य केंद्र बंद पाए गए वहां कड़ी कार्यवाही किए जाने के निर्देश जारी किए गए।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी में जनपद में संचालित जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश अपर जिलाधिकारियों एवं समस्त उप जिलाधिकारियों को दिया था। यूं नामित किए गए अधिकारियों ने सम्बन्धित चिकित्सालयों का निरीक्षण कर जिलाधिकारी को अपनी आख्या उपलब्ध कराई गई। उपलब्ध कराई गई आख्या के अनुसार हरमिलाप जिला चिकित्सालय में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को अन्य सुविधाएं और व्यवस्थाएं स्नातोषजनक लगी लेकिन साफ-सफाई का अभाव पाया गया जिसके सम्बन्ध में उपस्थित स्टाफ को कड़े निर्देश निर्गत किये गए।

इस क्रम में राजकीय महिला चिकित्सालय में अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं प्रशासन) को व्यवस्था सामान्य लगी। मेला चिकित्सालय में सिटी मजिस्ट्रेट को ह्रदय रोगों में प्रयुक्त होने वाला ट्रेडमील खराब होना पाया गया जिसे तत्काल सहीं कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। राजकीय उप जिला चिकित्सालय, रुड़की में संयुक्त मजिस्ट्रेट को स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की कमी मिली जिनकी तैनाती किया जाना अपेक्षित बताया गया है। इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भगवानपुर उप जिलाधिकारी, भगवानपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मंगलौर के निरीक्षण के दौरान अपर उप जिलाधिकारी ने पाया कि डॉ० पी.के. सिंह की डयूटी थी जो तत्समय ही उपस्थित हुए। साथ सफाई व्यवस्था का अभाव पाया गया जिसे दुरुस्त किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लक्सर में उप जिलाधिकारी लक्सर ने तथा लालढांग में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी ने निरीक्षण किया। पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर को लंढौरा व डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय को रोशनाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बन्द मिले। पाये गये। उक्त सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार को कड़े निर्देश निर्देश निर्गत किये गये कि उक्त चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सकों व कार्मिकों के स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में मरीजों को समय से स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराये जाने हेतु भविष्य में भी समय-समय पर चिकित्सालयों का आकस्मिक निरीक्षण कराया जायेगा ताकि जनपद के चिकित्सालयों में चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके, और मरीजों को अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध हो सके।