अपनी अपनी मध्यस्थता से मनवाई कर्मचारियों की मांगें
संवाद सहयोगी, मंगलौर। लखनौता झबरेड़ा मार्ग स्थित प्रॉमिनेंट फाइबर लिमिटेड के कर्मचारियों का धरना आज शाम समाप्त हो गया। लिब्बारहेडी गन्ना विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी ने इसमें महत्वपूर्ण और निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को कंपनी अधिकारियों के सामने न केवल मजबूती से रखा बल्कि उन्हें कर्मचारी हित में निर्णय लेने के लिए तैयार भी किया।
गौरतलब है कि मंगलौर झबरेड़ा और नारसन वाया लखनोता मार्ग पर निजी क्षेत्र की अनेक बड़ी छोटी कंपनियां स्थित हैं जिनमें कर्मचारी भी काम करती हैं। चूंकि अधिकांश कर्मचारी प्रदेश के बाहर के हैं इसलिए कर्मचारी प्रबंधकों पर कर्मचारियों के हितों के शोषण का आरोप आम लगता रहता है। ऐसे ही आरोप प्रोमिनेंट फाइबर लिमिटेड के प्रबंधकों पर लगाकर उसके कर्मचारी कई दिनों से धरने पर बैठे हुए थे लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही थी। इसी से निराश कर्मचारियों ने किसान नेता अशोक चौधरी से संपर्क किया। अशोक चौधरी लिब्बेरहेडी गन्ना विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष और स्थानीय जिला पंचायत सदस्य अंशुल गुर्जर के पिता भी हैं। अशोक चौधरी ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और उन्हें जायज मानकर प्रबंधकों से वार्ता की। इस दौरान अशोक चौधरी ने कर्मचारी धरना स्थल पर पहुंचकर उन्हें संबोधित भी किया और कंपनी प्रबंधकों को यह बात भी बेहतर समझा दी कि शोषण किसी का मंजूर नहीं किया जाएगा। फिर प्रबंधकों ने अशोक चौधरी और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के अलावा प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में वार्ता की और मांगों को मान लिया। इसके साथ ही धरना समाप्त हो गया। कर्मचारियों ने इसके लिए विशेषरूप से अशोक चौधरी का आभार प्रकट किया।